
बिलासपुर। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि हमारा बूथ मजबूत हुआ तो जीत पक्की है। मतदान केंद्र से ही हमें अपने चुनावी अभियान की शुरूआत करनी है। वह किसान भवन में सदर मंडल के अभ्यास वर्ग के समापन अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केंद्र की यूपीए सरकार को भ्रष्टाचार, जन विरोधी करार देते हुए जड़ से उखाड़ने के लिए कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा मोदी जैसे ईमानदार नेता और कार्यकर्ताओं की फौज जीत हासिल करने में सक्षम है।
इससे पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि 1947 की अंतरिम सरकार में डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंत्री थे। जब नेहरू की नीतियां उन्हें पसंद नहीं आई। इस वजह से उन्होंने मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर जनसंघ की स्थापना की। उन्होंने पार्टी के इतिहास के बारे में विस्तार से बताया। सांसद अनुराग ठाकुर ने मीडिया, सोशल मीडिया पर अपना संबोधन किया। उन्होंने कहा कि अपनी उपलब्धियों की भी जानकारी दी। हम चाहते हैं कि अधिकतर पार्टी कार्यकर्ता सोशल मीडिया से जुडे़ं। हमीरपुर क्षेत्र में एनएच के लिए 650 करोड़ रुपये मंजूर करवाना उनकी उपलब्धि है। क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया। फिर भी कांग्रेस उनके खिलाफ बयानबाजी कर रही है लेकिन हम डरने वाले नहीं।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शर्मा ने कहा कि अगले चुनाव की तैयारी पहला चुनाव परिणाम आते ही करनी चाहिए। संगठन मंत्री पवन राणा ने कहा कि भाजपा में प्रदेश स्तर पर 15000 ऐसे पदाधिकारी हैं जिनकी कोई जवाबदेही पार्टी में नहीं है। जबकि प्रदेश में 7252 मतदान केंद्र है। प्रत्येक पदाधिकारी को बूथ पालक की जिम्मेवारी दी जा रही है जिससे वह अपनी क्षमता एवं जवाबदेही दर्ज कर सकें। इस दौरान सतपाल सत्ती ने एक तथा धूमल ने दो बूथ की जिम्मेवरी ली। मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मिन्हास ने कहा कि अभ्यास वर्ग में कार्यकर्ताओं को नया जोश मिला है। बैठक में जिला, मंडल के कार्यकर्ता, मोर्चों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
