बुलेट पर रोमांस, खुली जीप में मस्ती

धर्मशाला। खुली जीप में मस्ती और बुलेट पर रोमांस। जी हां, धर्मशाला की वादियों में शुक्रवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। मौका था लाइफ ओके पर प्रसारित होने वाले रियलिटी शो द बेचलरेट इंडिया, मेरे ख्यालों की मल्लिका की शूटिंग का। शुक्रवार को दिन भर हिमाचली गबरू विजय और बॉलीवुड अभिनेत्री मल्लिका शेरावत बाहों में बाहें डाले धर्मशाला से लेकर मैकलोडगंज की वादियों में घूमते नजर आए। शुक्रवार को मल्लिका और विजय ने ओपन जीप और बुलेट पर कई शॉट दिए। मल्लिका शेरावत विजय के साथ दाड़ी से टीहरा लाइन के दूसरे मोड़ तक खुली जीप में बैठकर गईं। टीहरा लाइन के दूसरे मोड़ से मैकलोडगंज तक बुलेट की सवारी की। मैकलोडगंज में शूटिंग के दौरान मल्लिका और विजय ने एक दुकान में गर्म टोपियां भी खरीदीं। मल्लिका ने तिब्बती बच्चे को गोदी में उठाकर प्यार भी किया। इसके बाद मैकलोडगंज के एक होटल में लंच के दृश्य फिल्माए गए। इसके बाद मल्लिका और विजय पर नौरबलिंगा में सीन शूट किए गए। शाम के समय विजय के दाड़ी वाले घर में कुछ दृश्य फिल्माए गए। यहां मल्लिका ने गद्दी ड्रेस पहनकर विजय के घर वालों से मुलाकात की। शूटिंग के दौरान मैकलोडगंज, नौरबलिंगा और दाड़ी में मल्लिका को देखने के लिए प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। विजय सिंह ने बताया कि वीरवार को खुली जीप और बुलेट पर कुछ दृश्य फिल्माए गए। मैकलोडगंज, नौरबलिंगा और दाड़ी में रियलिटी शो की शूटिंग की गई।

Related posts