बुजुर्गों और अपंगों को करवाया इंतजार

बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल के हरसौर क्षेत्र में आधार कार्ड बनाने के लिए बुजुर्गों और अपंगों को पूरा दिन इंतजार करवाया तथा शाम को बिना कार्ड बनाए बैरंग लौटा दिया। चार पंचायतों के सामाजिक सुरक्षा के पेंशनधारक लोगों को हरसौर पंचायत में आधार कार्ड बनाने के लिए बुलाया था लेकिन 10 किमी. दूर से आधार कार्ड बनाने पहुंचे बुजुर्ग और अपंग लोगों को उस समय परेशानी झेलना पड़ी जब सारा दिन इंतजार करवाने के बाद शाम को बिना कार्ड बनाए बैरंग वापिस लौटा दिया। इससे क्षेत्र के नुमाइंदों व लोगों में खासा रोष व्याप्त है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को बड़सर उपमंडल की चार पंचायतों के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों को हरसौर में ग्यारह ग्रां पंचायत घर में बुलाया था। पेंशनधारक अपंग, बुजुर्गों में कर्मी देवी, पुम्मा देवी, हरनाम सिंह, गरीब दास, ब्रह्म दास, धनी देवी, भगती देवी, लज्जा देवी, पोमा देवी, चमेली देवी, बिमला देवी, कपिल देवी, राम प्यारी, रोशन लाल, शालू , कल्पना देवी, लीला देवी तथा पुश्तां देवी सहित करीब 50 से 70 लोग आधार कार्ड बनाने पहुंचे हुए थे।
ग्यारह ग्रां पंचायत प्रधान बीना शर्मा, बल्याह पंचायत उपप्रधान प्रवीण कुमार, वार्ड पंच धर्म चंद, तुलसी राम ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारक बुजुर्ग व अपंग सुबह 10 बजे से इंतजार कर रहे थे। आधार कार्ड बनाने की टीम शाम साढ़े पांच बजे पहुंची तथा भीड़ को देखकर आधार कार्ड बनाने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि 10 किमी. दूर नयन व रपड़ गांव से अपाहिज लोग आधार कार्ड बनाने पहुंचे थे लेकिन उन्हें सारा दिन इंतजार करवाया गया तथा शाम को कार्ड बनाने से मना कर दिया। उन्होंने इसकी जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है तथा आधार कार्ड बनाने के लिए अलग से समय देने की मांग की है।
तहसील कल्याण अधिकारी चमन लाल ने बताया कि इससे पहले महारल पंचायत में आधार कार्ड बनाए गए। अधिक दूरी होने के कारण हरसौर पहुंचने में समय लग गया। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड बनाने की तारीख उपायुक्त कार्यालय से तय हुआ है।

Related posts