
नई दिल्ली: फिक्सिंग मामले में आज बीसीसीआई की वर्किंग कमेटी की बैठक ने राजस्थान रॉयल्स को एक और बड़ा झटका दिया है। सूत्रों के मुताबिक बीसीसीआई ने राजस्थान रॉयल्स के सह मालिक राजकुन्द्रा को सस्पेंड कर दिया है।
कुन्द्रा को क्रिकेट से जुड़ी हर तरह की गतिविधियों से निलम्बित कर दिया गया है।इससे पहले ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि बीसीसीआई राजकुंद्रा के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाएगी क्योंकि उनके पास केवल पारिस्थितिक सबूत हैं, इसके अलावा कुछ नहीं।
उल्लेखनीय है दिल्ली पुलिस ने दावा किया था राजस्थान रॉयल्स के हिस्सेदार कुंद्रा ने आईपीएल मैचों के दौरान सट्टेबाजी की बात कबूली है और इसी के चलते बोर्ड की अंतरिम व्यवस्था के प्रमुख जगमोहन डालमिया को यह बैठक बुलाने के लिए बाध्य होना पड़ा था। सूत्रों की माने तो अगर जांच में कुंद्र पर लगे आरोप साबित हो जाते हैं तो राजस्थान रॉयल्स को भी आईपीएल से बाहर किया जा सकता है और इसी के चलते राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी ने कुंद्रा से दूरी बनानी शुरु कर दी है।
बीसीसीआई के एक शीर्ष अधिकारी का कहना है कि अगर कुंद्रा सट्टेबाजी में दोषी पाए जाते है तो उन पर उचित कार्रवाई की जाएगी और अगर वो इस मामले मे निर्दोष पाए गए तो वह अपने स्थान पर वापसी करेंगे।
