बीबीएमबी ने पौंग पर गड़ाई नजरें

नूरपुर (कांगड़ा)। मौसम विभाग द्वारा प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने पौंग बांध के साथ लगते मंड क्षेत्र की स्थाना, टटवाली, रे-खास, बहादपुर व रियाली पंचायतों को विशेष अलर्ट जारी किया है। लेकिन पौंग बांध के पानी में हो रही बढ़ोतरी पर बीबीएमबी प्रंबधन भी पैनी निगाह रखे हुए है। पौंग जलाशय के मौजूदा जलस्तर से फिलहाल खतरे की किसी भी संभावना से बीबीएमबी प्रशासन इंकार कर रहा है।
शनिवार को पौंग का जलस्तर 1328.61 फुट दर्ज किया गया, जो पौंग जलाशय की भंडारण क्षमता से अभी काफी नीचे है। पौंग बांध में 1390 फुट तक अभी और पानी भरा जा सकता है। लेकिन भारी बारिश की सूरत में 1395 फुट का आंकड़ा पार करने के बाद पानी खतरे के निशान से ऊपर चला जाएगा। मौजूदा हालात में बांध से रोजाना 8 से 10 हजार क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है। सूत्रों की मानें तो विभागीय इंजीनियर पौंग के बढ़ते जलस्तर पर पैनी निगरानी रखे हुए हैं और रोजाना इसकी रिपोर्ट बीबीएमबी प्रबंधन और संबंधित निगरानी सेल को दी जा रही है। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने पौंग बांध जलाशय से पानी छोड़े जाने की सूचना मिलते ही लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह किया है। इसके लिए एसडीएम जवाली समेत बीडीओ फतेहपुर, पुलिस व संबधित पंचायत प्रधानों को समय-समय पर मंड क्षेत्र का दौरा करके लोगों को बाढ़, भारी बारिश व भूस्खलन इत्यादि के बारे में जागरूक करने के निर्देश जारी किए हैं।

इनसेट
तारीख इन फ्लो आउट फ्लो लेवल
01 जुलाई 11490 10002 1326.77
02 जुलाई 15097 11006 1326.99
03 जुलाई 13031 8009 1327.06
04 जुलाई 12599 8507 1327.48
05 जुलाई 17311 8012 1327.98

Related posts