बीबीएन में दिनदहाड़े चोरी की दो वारदातें

बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र झाड़माजरी के शिवालिक नगर में एक व्यक्ति के कमरे का ताला तोड़ कर अज्ञात चोर करीब एक लाख रुपये की नकदी और जेवरात चोरी करके फरार हो गए हैं। घटना के समय घर में कोई भी नहीं थे। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की वारदात से शिवालिक नगर में दहशत का माहौल बना हुआ है।
शिवालिक नगर के हाउस नंबर 597 में कामगार राज कोचर अपने परिवार के साथ किराए पर रहता है। 17 जून को दोपहर बाद करीब 3 बजे उसकी पत्नी जब ड्यूटी से कमरे आई तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देख उसके होश उड़ गए। उसने कमरे में अंदर जाकर देखा तो बेड का सामान उथल पुथल किया हुआ था। उसके गोदरेज की अल्मारी का ताला तोड़ कर उसमें रखे 14 हजार रुपये नकद, 20 ग्राम की सोने की चैन, 7 ग्राम के रिंग, 10 ग्राम के कानों की तीन जोड़े और साठ ग्राम की चांदी की चैन पर हाथ साफ कर लिया। महिला ने उसी समय इसकी सूचना अपने पति को दी। पति ने बरोटीवाला थाने में सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा तथा वहां घटना स्थल का जायजा लिया। डीएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने धारा 454 व 380 के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर भटोली कलां स्थित एक फैक्टरी से दो अज्ञात चोरों ने फैक्टरी की दीवार फांद कर फैक्टरी में तांबा चोरी कर लिया है। जिसकी कीमत 45 हजार रुपये आंकी गई है। उन्हें फैक्टरी में लगे सीसी टीवी कैमरे से पाया कि दो अज्ञात लोग दीवार फांद कर अंदर आते हैं तथा फैक्टरी से तांबे की रॉड उठा कर फरार हो जाते हैं। डीएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने धारा 457 व 380 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कंपनी से सीसी टीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है। शीघ्र ही आरोपियों की धरपकड़ कर ली जाएगी।

Related posts