
बद्दी (सोलन)। जिला पुलिस बद्दी ने बीबीएन की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। बुधवार से हर थानों में बीट सिस्टम शुरू हो गया है। सभी थानों के पुलिस कंट्ररोल रूम (पीसीआर) को हटा दिया गया है। बीट प्रभारी ही पीसीआर का कार्य करेंगे। बाइक में सवार होकर पुलिस वाले चप्पे-चप्पे पर निगाह रखेंगे। एसपी बद्दी अरुल कुमार ने बाइक पर सवार सभी बीट प्रभारियों को हरी झंडी दिखा कर अपने-अपने क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
एसपी ने बताया कि हर बीट में तीन कांस्टेबल रखे जाएंगे, जो 8 घंटे की ड्यूटी प्रतिदिन करेेंगे। रात के समय कांस्टेबल के साथ होमगार्ड का जवान तैनात किया जाएगा। कांस्टेबल को बैठने के लिए पुलिस विभाग शीघ्र ही सभी बीटों में गुमटी तैयार करेगा। बीट में काम करने वाले कांस्टेबल मात्र बीट में ही ड्यूटी करेंगे, उनसे दूसरा कोई कार्य नहीं लेंगे। हर परिवार को कांस्टेबल अपना नंबर देगा जिससे कोई भी घटना होने से आम जनता सीधा उनसे संपर्क कर पाए। तीन कांस्टेबल के ऊपर एक एएसआई को रखा गया है जो अपनी रिपोर्ट उन्हें देगा। बद्दी थाने को तीन, बरोटीवाला और नालागढ़ को दो-दो तथा रामशहर को एक बीट में बांटा गया है। इस संबंध में एसपी ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ रही चोरी और लूट की घटनाओं को देखते हुए बीट सिस्टम शुरू किया गया है। अब पीसीआर का कार्य भी बीट में काम करने वाले पुलिस कर्मचारी ही करेंगे। इस मौके पर डीएसपी नरेंद्र कुमार, थाना प्रभारी प्रेम चंद, लाइन आफिसर अमर सिंह, भूपेंद्र सिंह, एएसआई सुरेश कुमार, सतबीर सिंह समेत सभी बीटों के प्रभारी उपस्थित रहे।
यह हैं बद्दी-थाने की बीटें
बद्दी थाने के तहत बस स्टेंड, बद्दी बाजार, बैंक एरिया, न्यू सब्जी मंडी, चक्कां रोड, एचबीसी फेज वन व टू, बंसती बाग, संडोली व मलपुर, बीट दो में फेज थ्री, कैलाश विहार, ओल्ड सब्जी मंडी, इंडस्ट्रियल एरिया, काठा रोड़, लेही, थाना और गुल्लरवाला इंडस्ट्री एरिया को शामिल किया गया है। बीट तीन में मानपुरा, नंदपुर, लोधी माजरा, किशनपुरा और ढेला को रखा गया है।
बरोटीवाला थाना बीटों में यह क्षेत्र
बरोटीवाला थाने को दो बीटों में बांटा गया है। जिसमें पहली बीट में बुरांवाला, झाड़माजरी, पलांखवाला, सिक्का होटल, भटोली कलां एचबीसी फेज चार, शिवालिक नगर और कोटला को रखा गया है। वहीं बीट नंबर दो में बरोटीवाला, इंड्रस्ट्री एरिया, सतीवाला, कुल्हाड़ीवाला, मधाला, कालू झिंडा और हरिपुर शामिल है।
नालागढ़ में यह क्षेत्र शामिल
नालागढ़ को भी दो बीटों में बांटा गया है। वार्ड नंबर एक से नौ को बीट एक तथा न्यू नालागढ़, कृपालपुर, बागवानियां और चौकी वाला को बीट दो में रखा गया है। रामशहर थाने को एक ही बीट में बांटा गया है। जिसमें रामशहर बाजार, बड्डू, महादेव, रिवालसर और घोनी को शामिल किया गया है।
