बीबीएन की आवोहवा में घुला जहर

बद्दी (सोलन)। औद्योगिक विकास की चमक के साथ ही बीबीएन की आवोहवा में जहर घुल रहा है। रोजगार तो दरवाजे तो खुले, वहीं जिंदगी पर खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र का पानी और हवा ही प्रदूषित नहीं हुई है बल्कि यहां की मिट्टी की उर्वरक शक्ति भी कमजोर हो रही है। जिससे किसान भी प्रभावित हो रहे हैं।
वर्ष 2003 पैकेज आते ही बीबीएन प्रदेश का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र उभर कर सामने आया है। एशिया का सबसे बड़ा फार्मा हब बद्दी बना है। हालांकि उद्योगों से निकलने वाले कचरे का ठिकाने लगाने के लिए कोई भी व्यवस्था नहीं की है। इस कचरे को कबाड़ी लोग खरीदते हैं। कबाड़ी कचरे से उपयोगी सामान तो निकाल लेते हैं और शेष समान को आग के हवाले कर देते हैं। जिससे जहरीली गैस वातावरण में घुल रही है।
प्रदूषण बोर्ड के मानकों के आधार पर वायु प्रदूषण का स्तर 60 फीसदी तक अधिक नहीं होना चाहिए, वहीं बीबीएन में इसका स्तर 240 फीसदी से भी ऊपर है। निर्धारित मापदंड से चार गुणा अधिक खराब हवा होने से यहां पर कैंसर, लीवर, दमा, क्षय रोग बढ़ने का खतरा बढ़ गया है। बोर्ड के अधिकारियों का मानना है कि रात के समय अधिकांश उद्योग ईटीपी प्लांट नहीं चलाते हैं तथा गंदा पानी खुले आम फेंक रहे हैं। एक्सपाइरी दवाइयां और तरल पदार्थ नदी-नालों में फेंके जा रहे हैं। चार दिन पहले रता खड्ड में काफी मात्रा में एक्सपाइरी दवा पकड़ी है। लोगों के विरोध के चलते अभी तक उस दवा को ठिकाने नहीं लगाया है। बद्दी के कृष्ण कौशल, बरोटीवाला के राजेंद्र राणा, किशनपुरा के पूर्व प्रधान दिलीप चंद चौधरी और शीतलपुर के कर्मचंद के अनुसार खड्डों का प्रदूषित पानी फसलों में लगने से उर्वरा शक्ति भी कम होती जा रही है। लोग अपनी जमीन पर फसल उगाने से बेहतर झुग्गियां बनाकर कामगारों को किराये पर देना ज्यादा फायदेमंद मान रहे हैं।
इस संबंध में प्रदूषण बोर्ड के अधिशासी अभियंता चेतन जोशी ने वायु प्रदूषण का स्तर अधिक होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अब उद्योगों को अपना कचरा कबाड़ी को न देकर सालिड वेस्ट मैनेजमेंट को देने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ उद्योग इसका पालन करने लगे हैं। रात के समय ईटीपी प्लांट न चलाने पर हाईकोर्ट के आदेश से अब बद्दी के केंदूवाला में कामन जल शोधन संयंत्र लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। इस संयंत्र में सभी उद्योगों का पानी एकत्रित करके उसे ट्रीट किया जाएगा।

Related posts