
बिलासपुर। कायदे-कानूनों को परवाह किए बगैर राशन कार्ड बनाने के लिए पैसे की उगाही की जा रही है। बीपीएल परिवारों से तक राशन कार्ड बनाने के 200 रुपये लिए जा रहे हैं। विकास खंड घुमारवीं में इस तरह के मामले सामने आए हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के पास इसकी शिकायतें भी पहुुंची है। इसके आधार पर विभाग ने छानबीन शुरू कर दी है।
विकास खंड घुमारवीं के अंतर्गत राशनकार्ड बनाने के नाम पर अतिरिक्त पैसे की वसूली की जा रही है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा निर्धारित नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। विभाग द्वारा जो फीस निर्धारित की गई की गई है। इससे अतिरिक्त फीस वसूली जा रही है। बीपीएल परिवारों को यह सुविधा मुफ्त मुहैया करवाई जानी है। ऐसे परिवारों से भी 200-200 रुपये वसूलने के मामले खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के पास पहुंचे हैं। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से अपनी शिकायतें दर्ज करवाई हैं। शिकायत में कहा गया है कि विकास खंड की कई पंचायतों में राशनकार्ड बनाने के लिए दो-दो सौ रुपये की वसूल की जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार एपीएल के उपभोक्ताओं के लिए राशनकार्ड बनवाने की फीस पांच रुपये निर्धारित की गई है। जबकि बीपीएल परिवारों को यह सुविधा निशुल्क प्रदान की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने भी मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक प्रताप ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि कुछ उपभोक्ताओं की शिकायतें मिली हैं। इसके आधार पर छानबीन की जा रही है।
