
चैलचौक (मंडी)। खंड शिक्षा कार्यालय चच्योट-प्रथम की कार्यप्रणाली से नाखुश प्राथमिक अध्यापक संघ दो दिसंबर को कार्यालय का घेराव करेगा। प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान हेमराज ठाकुर ने बताया कि शिक्षा खंड कार्यालय के कुछ कर्मचारियों का व्यवहार शिक्षकों के प्रति सही नहीं है। इस कारण शिक्षकों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला उपनिदेशक कार्यालय मंडी से शिक्षकों के 4-9-14 के वित्तीय लाभ 110 अध्यापकों को देने के आदेश सितंबर में हुए हैं। लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी शिक्षकों को वित्तीय लाभ से वंचित रहना पड़ रहा है। इसके अलावा कुछ शिक्षकों के मेडिकल बिल और रिकार्ड भी कार्यालय के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण गायब है। इस कारण अध्यापक परेशान हैं। उन्होंने बताया कि संघ की ओर से इस बावत लिखित मांगपत्र भी ब्लाक और जिला उपनिदेशक को सौंपा है। लेकिन कोई भी आवश्यक कार्यवाही विभाग की ओर अमल में नहीं लाई जा रही। इससे प्राथमिक अध्यापक दो दिसंबर को खंड शिक्षा कार्यालय का घेराव करेंगे।
शहीद की याद में वॉलीबाल स्पर्धा
चैलचौक (मंडी)। कारगिल शहीद देविंद्र कुमार की याद में नेहरू युवक मंडल सरोआ की ओर से वॉलीबाल स्पर्धा का आयोजन 3 से 4 दिसंबर तक किया जाएगा। स्पर्धा में दो दर्जन से अधिक टीमें भाग ले रही है। युवक मंडल के प्रधान पम्मी राणा ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीमों के लिए आकर्षक इनाम दिए जाएंगे। फाइनल जीतने वाली टीम को 9100 रुपये और उपविजेता टीम को 6100 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। फाइनल मुकाबला पांच दिसंबर को होगा। इस दिन देव शतपुड़ी नाग का मेला भी आयोजित होगा। इसमें केलोधार की प्रसिद्ध माता लंबोदरी विशेष रूप से शिरकत करेंगी।
