बीडीसी सदस्य के नाम से फर्जी शिकायत!

बिलासपुर। पंचायती राज संस्था के एक नुमाइंदे के नाम से किसी ने एक स्कूल में अवैध निर्माण और अन्य अनियमितताआें की झूठी शिकायत प्रशासन से कर डाली। पता चलने पर संबंधित जन प्रतिनिधि हैरान रह गया। उसने इसे फर्जी करार देते हुए इसके आधार पर कोई भी कार्रवाई न करने के साथ ही इसकी छानबीन करके फर्जी शिकायत करने वाले को दंडित करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार धार टटोह पंचायत से बीडीसी सदस्य हीरापाल के नाम से गत 20 मार्च को उपायुक्त को एक शिकायत पत्र भेजा गया था। शिकायत पत्र के अनुसार बलग का घाट प्राथमिक पाठशाला में मैदान बनाने के नाम पर अवैध खनन किया जा रहा है, जबकि स्कूल के पास पहले से ही मैदान उपलब्ध है। इतना ही नहीं, खनन करने से निकल रही बजरी आगे लोगों को बेची जा रही है। उपायुक्त से इस शिकायत की जांच करके उचित कार्रवाई करने की मांग की गई थी।
उधर, बीडीसी सदस्य हीरापाल ने इस शिकायत पर हैरानी जताते हुए इसे फर्जी करार दिया है। उन्हाेंने कहा कि किसी शरारती तत्व ने उनके नाम से झूठी शिकायत की है। इसमें न तो उनकी लिखावट और न ही हस्ताक्षर हैं। बुधवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने पहुंचे हीरापाल ने आग्रह किया कि उनके नाम से दिए गए इस फर्जी शिकायत पत्र के आधार पर कोई भी कार्रवाई न की जाए। साथ ही उन्हाेंने उपायुक्त से इस मामले की छानबीन करके दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की है।

Related posts