बीडीसी अध्यक्ष की कुर्सी बची

मैहला (चंबा)। विकास खंड मैहला की पंचायत समिति के चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आचार संहिता के चलते नहीं लाया जा सका है। इससे अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए आए बीडीसी सदस्यों को बैरंग लौटना पड़ा। बताते चलें कि मैहला के भाजपा समर्थित बीडीसी चेयरमैन के खिलाफ 28 फरवरी को अविश्वास प्रस्ताव लाने की सिफारिश की गई थी। बीडीसी उपाध्यक्ष ने 10 मार्च को इस संबंध में बैठक बुलाई थी। बीजेपी समर्थित मैहला के बीडीसी चेयरमैन को उनके पद से हटाने के लिए विरोधी काफी जोड़-तोड़ कर रहे थे। इसका गणित भी बिठा लिया गया था, मगर आचार संहिता के चलते उनका यह मनसूबा धरा का धरा रह गया। मैहला पंचायत समिति के 21 बीडीसी सदस्य हैं। इनमें से कुछ सदस्यों ने वर्तमान चेयरमैन पर बिना समर्थन के पद पर बने रहने के चलते अविश्वास प्रस्ताव लाने की बात उठाई थी।
उधर, पंचायत इंस्पेक्टर महेश ठाकुर ने बताया कि आचार संहिता के चलते बैठक रद्द करनी पड़ी है। उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार ऐसा किया गया है। आचार संहिता के दौरान किसी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव नहीं लाया जा सकता है।
इंसेट …..
विरोधी रच रहे षड्यंत्र : चेयरमैन
पंचायत समिति चेयरमैन कश्मीर सिंह ने बताया कि विरोधी उनके खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं। वास्तव में जरूरत से ज्यादा बीडीसी सदस्यों का समर्थन उन्हें प्राप्त है। उन्होंने कहा कि बीडीसी चेयरमैन रहते हुए उन्होंने बिना भेदभाव के कार्य करवाए हैं। इसी कारण उन्हें बीडीसी सदस्य अपना समर्थन दे रहे हैं।

Related posts