बीडीओ-तकनीकी सहायकों में ठनी

कुनिहार (सोलन)। कुनिहार विकास खंड में तकनीकी सहायकों की कलम छोड़ हड़ताल जारी है। मानदेय न मिलने पर यह हड़ताल 9 अप्रैल से शुरू की गई थी। तकनीकी सहायकों का आरोप है कि पांच माह से मानदेय नहीं मुहैया करवाया गया है। जिससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। महंगाई के दौर में परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल हो रहा है।
वर्ष 2001 में 15 तकनीकी सहायकों को कुनिहार खंड में रखा गया है। सहायकों में कर्मचंद कौशल, संजीव, यशपाल, हितेंद्र, प्रवीण, बलबीर, हेमचंद, देवराज, कुंदन लाल, विमल कांत शर्मा, संजय शर्मा, कुलदीप वर्मा, मदन लाल ठाकुर, रमेश चंद पाठक और हेमचंद ठाकुर ने बताया कि पांच माह में न तो यात्रा भत्ता न ही मानेदय मुहैया करवाया गया है। बीडीओ पर तकनीकी सहायकों ने मानदेय रोकने के आरोप जड़े हैं। खंड विकास अधिकारी डीआर चंदेल के अनुसार तकनीकी सहायकों का सेवा शुल्क मनरेगा से निकाला जाता है। सहायकों का पांच महीनों का सेवा शुल्क पेंडिंग पड़ा है। तकनीकी सहायक सुचारु रूप से काम पर नहीं आ रहे हैं। जिसकी रिपोर्ट उपायुक्त सोलन और निदेशालय शिमला को भेजी गई है। किसी भी तकनीकी सहायक ने पैन डाउन स्ट्राइक की आधिकारिक सूचना उन्हें नहीं सौंपी है।

डेढ़ लाख तक एस्टीमेट बनाते हैं हम
तकनीकी सहायकों का कहना है कि जरनल हैड से लेकर मनरेगा, वाटर शैड, जिला परिषद में होने वाले विकास कार्यों में डेढ़ लाख तक के प्रस्ताव बनाने का कार्य उनके पास है। 12-13 साल से कुनिहार खंड के विकास के लिए तकनीकी सहायकों ने अहम भूमिका निभाई है।

Related posts