बीडीओ को बैठक से बाहर निकाला

भीमताल। मुख्य विकास अधिकारी रणवीर सिंह चौहान ने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह विधायक/सांसद निधि के लंबित कार्य जल्द पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि जो कार्य विवाद के कारण लंबित हैं उनकी धनराशि वापस भेज दी जाए।
शनिवार को यहां विकास भवन स्थित सभागार में जब कोटाबाग के खंड विकास अधिकारी विधायक निधि के कार्यों की जानकारी चाही गई तो वह सूचनाएं नहीं दे सके। इस पर सीडीओ ने अधिकारी को फटकारे हुए कहा कि जब उन्हें जानकारी नहीं है तो वह बैठक में क्यों आए हैं। उन्होंने अधिकारी को निर्देश दिए कि वह बैठक से बाहर जाएं और सही स्थिति पताकर कार्यों के बारे में बताए। विधायक/सांसद निधि समीक्षा बैठक के दौरान सीडीओ हल्द्वानी, भीमताल, बेतालघाट, कोटाबाग, रामनगर, ओखलकांडा और धारी ब्लाक की कमजोर स्थिति को देख नाराज हुए।
लंबित होने का कारण पता चला कि इन निधियों से स्वीकृत कार्यों में इस्टीमेट के अनुरूप धनराशि मंजूर नहीं हुई तो उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित विधायकों से संपर्क कर या तो अतिरिक्त धनराशि की मांग करें या फिर धनराशि वापस करा दें। डीडीओ एएस गुंज्याल हफ्तेभर के भीतर योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट देने को कहा। बैठक में सहायक परियोजना निदेशक गोपाल गिरी, डीएफओ डा. पराग मधुकर धकाते, अक्षय चौधरी, हिमानी जोशी पेटवाल, बीडीओ डा. निर्मला जोशी, प्रधानाचार्य मनोज कुमार पांडे, अधिशासी अभियंता जगदीप चौधरी, वीएन पांडे, एलडी शर्मा समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Related posts