
बिलासपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर में बीजेएमसी कोर्स शुरू नहीं होने पर एनएसयूआई उग्र हो गई है। एनएसयूआई का कहना है कि प्रदेश सरकार ने कालेज में बीजेएमसी की कक्षाएं शुरू करने की स्वीकृति दे दी है लेकिन कालेज प्रशासन कोर्स शुरू करने में आनाकानी कर रहा है। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बीजेएमसी की कक्षाएं शुरू नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
शनिवार को एनएसयूआई इकाई ने मांगे पूरी नहीं होने के चलते प्राचार्य का घेराव किया।
इस दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कालेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की अगुवाई कैंपस अध्यक्ष विजय कुमार ने की। उन्होंने कहा कि कालेज में बीजेएमसी कोर्स शुरू करने के लिए सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है जिसके लिए सदर विधायक बंबर ठाकुर बधाई के पात्र हैं लेकिन कालेज प्रशासन कक्षाएं शुरू करने में असफल रहा है।
उन्होंने कहा कि बीजेएमसी कोर्स की स्वीकृति के लिए विधायक के सराहनीय प्रयास किए हैं। कालेज में कई समस्याएं हैं लेकिन इन समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि जल्द ही बीजेएमसी कोर्स शुरू किया जाए। इस दौरान राहुल ठाकुर, रविंद्र, अजय, जितेंद्र, सुनील, राज, संदीप, विपिन, अरविंद, गौरव, मनोज, अजय, आमीन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
