बीएस चौहान प्रधान और विशेषर सचिव

रामपुर बुशहर। हिमाचल प्रदेश लोनिवि एवं आईपीएच इंप्लाइज मजदूर यूनियन की रामपुर शाखा के रविवार को चुनाव हुए। यहां सर्किट हाउस में राज्य कमेटी महासचिव देवकी नंद चौहान की मौजूदगी में हुई बैठक में बीएस चौहान को रामपुर शाखा की कमान सौंपी गई। जबकि, विशेषर मेहता सचिव चुने गए। इसके अतिरिक्त भगवान दास वरिष्ठ उपप्रधान, प्रताप सिंह व कृष्ण चड्ढा उपप्रधान, गोविंद राम सह सचिव, वीर चंद संगठन सचिव, रामनाथ प्रचार सचिव, आनंद शर्मा प्रेस सचिव, खूबराम कोषाध्यक्ष, जीवन मोदी सह कोषाध्यक्ष और लालचंद शर्मा तथा जीवन सुनेल मुख्य सलाहकार चुने गए। विजय प्रकाश, हीरा देवी, चतर सिंह, रुकमणि, गोवर्धन सिंह आदि को सदस्य बनाया गया है। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित प्रधान बीएस चौहान ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया और आश्वस्त किया कि समस्याओं के निराकरण के लिए हमेशा वह प्रयासरत रहेंगे। बैठक में सरकार से अदालत के आदेशानुसार आठ साल पूरा कर चुके मजदूरों को नियमित करने की मांग की गई। उन्होंने सरकार पर मजदूरों का शोषण करने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार आए दिन मजदूरों के हितों को दरकिनार करती रही है। आखिरकार, मजदूरों को अपने हक के लिए अदालत की शरण लेनी पड़ती है। अब जबकि अदालत ने आठ वर्ष पूरा कर चुके मजदूरों को नियमित करने के आदेश दिए हैं, तो सरकार आदेशों पर अमल नहीं कर रही है। राज्य कमेटी महासचिव ने कहा कि अगर सरकार ने तीन महीने के भीतर मजदूरों को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू नहीं की तो सरकार के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

Related posts