बीएससी नर्सिंग कालेज की आज रखी जाएगी आधारशिला

नई टिहरी। लंबे समय से संचालन की राह देख रहे अचल प्रशिक्षण केंद्र के दिन बहुरने जा रहे हैं। अब इस केंद्र में एएनएम प्रशिक्षण के साथ ही बीएससी नर्सिंग कालेज की कक्षाएं भी संचालित होंगी। मंगलवार को चिकित्सा शिक्षा मंत्री डा. हरक सिंह रावत बीएससी नर्सिंग कालेज एवं एएनएम स्कूल की आधारशिला रखने यहां पहुंच रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने विभागीय कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के लिए वर्ष 1991-92 में सुरसिंगधार में अचल प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया था लेकिन व्यवस्थागत खामियों से इस केंद्र में कभी प्रशिक्षण शुरू नहीं हो पाया। इससे ये भवन वीरान पडे़ थे। फरवरी 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने एएनएम प्रशिक्षण केंद्र खोलने की घोषणा की थी। लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने मानक का हवाला देते हुए एएनएम प्रशिक्षण सेंटर के पास बीएससी नर्सिंग कालेज होना जरूरी बताया था। जून में मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने बीएससी नर्सिंग कालेज की घोषणा कर स्वास्थ्य विभाग को तत्काल जमीन तलाशने के निर्देश दिए थे। स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग ने एएनएम प्रशिक्षण केंद्र सुरसिंगधार के पास भूचैली नामे तोक में बीएससी नर्सिंग कालेज के लिए 215 नाली भूमि तलाश ली।

Related posts