
सुंदरनगर (मंडी)। चरस का अवैध कारोबार करने वालों की धरपकड़ को सुंदरनगर की बीएसएल पुलिस का अभियान जारी है। पुलिस ने सुंदरनगर करसोग मार्ग पर जट नाला के निकट नाके के दौरान एक व्यक्ति से 955 ग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बीएसएल थाना पुलिस ने प्रभारी बिन्नी मिन्हास के नेतृत्व में सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर नाका लगा रखा था। इसी दौरान वहां पैदल आ रहा एक राहगीर पुलिस को देख कर घबरा गया तथा भागने की कोशिश करने लगा। जिस पर पुलिस को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ। पुलिस ने आरोपी का पीछा कर उसे थोड़ी दूर ही धर दबोचा। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके बैग से 955 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान बटबाड़ा निवासी नरपत राम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। इधर, डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 17 जुलाई तक रिमांड पर भेज दिया गया है।
