बीएसएनएल को महिला कांग्रेस का अल्टीमेटम

केलांग। घाटी में दूरसंचार और इंटरनेट सेवा सुचारु करने के लिए महिला कांग्रेस ने बीएसएनएल को अल्टीमेटम दिया है। कहा कि संचार सुविधा को जल्द दुरुस्त नहीं किया गया तो महिला कांग्रेस विभाग के खिलाफ सड़कों पर उतर कर धरना प्रदर्शन करेगी। लाहौल घाटी में दूरसंचार और इंटरनेट सेवा के बार-बार चरमरा जाने से नाराज घाटी की जनता ने महिला कांग्रेस के बैनर तले विरोध का बिगुल फूंकने का ऐलान किया है। आरोप है कि केंद्र सरकार के अधीन होने के कारण विभाग प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर संचार सुविधा दुरुस्त करने की अपील नजरअंदाज करता आ रहा है। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष एवं टीएसी मेंबर शशि किरण ने कहा कि कई बार डायल करने के बावजूद मोबाइल फोन सेवा काम नहीं कर रही है। जबकि, बेहद धीमी सर्फिंग के कारण इंटरनेट सेवा महज शोपीस बन कर रह गई है। ढुलमुल संचार सेवा के कारण आम जनता के साथ ही यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को भी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। उपभोक्ता राकेश, दिनेश, अमर, सरला, ज्ञान तथा महेंद्र का कहना है कि विभाग इस समस्या के पीछे ओएफसी खराब होने का बहाना बताता आया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने विभाग को जल्द दूरभाष और इंटरनेट सेवा दुरुस्त करने के लिए विभाग को अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि घाटी में उदयपुर और केलांग को छोड़ कर अन्य जगहों पर बीएसएनएल के अलावा दूसरी कंपनियों की सेवाएं उपलब्ध नहीं होने से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अल्टीमेटम की एक प्रति विभाग के केंद्रीय दूरसंचार मंत्रालय, मुख्यमंत्री और विभाग के सीजेएम को भेजी है। महिला कांग्रेस ने कहा है कि विभाग ने अगर इंटरनेट और मोबाइल फोन सेवा जल्द दुरुस्त नहीं की तो महिला कांग्रेस जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होगी।

Related posts