बीएसईएस दिल्ली ने चंडीगढ़ को 4-0 से हराया

मंडी। शहर के ऐतिहासिक पड्डल ग्राउंड में 42वीं आल इंडिया हाट वेदर फुटबाल टूर्नामेंट रविवार से शुरू हो गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त देवेश कुमार ने किया। 16 जून तक चलने वाली इस टूर्नामेंट में विभिन्न राज्यों की 12 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच दिल्ली व पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के बीच खेला गया।
मैच के पहले हाफ में बीएसईएस दिल्ली टीम के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैच के शुरुआत से ही बीएसईएस दिल्ली के खिलाड़ी चंडीगढ़ टीम पर हावी रहे। दिल्ली ने पहले हाफ में बीएसईएस दिल्ली ने तीन गोल दाग कर मैच में मजबूत स्थिति बना ली थी। दूसरे हाफ में चंडीगढ़ के खिलाड़ियों ने मैच वापस करने के लिए काफी कोशिश की, लेकिन दिल्ली के खिलाड़ियों के आगे गोल करने में सफल नहीं हुए। दिल्ली ने दूसरे हाफ में एक गोल कर पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ को 4-0 से पराजित किया।
उपायुक्त देवेश कुमार ने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक विकास होेता है, बल्कि मानसिक विकास में भी खेलों का अहम योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि स्कूली छात्र एवं युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि उन्हें खेलों को खेल एवं प्रतिस्पर्धा की भावना से खेलना चाहिए। प्रतियोगिता में तालताला दिप्ती संघ फुटबाल क्लब कोलकाता, रेलवे प्रोेटेक्शन फोर्स कोलकाता, सीमा सुरक्षा बल सिल्लीगुड़ी, कोलाबा यंग स्टार फुटबाल क्लब मुंबई, सेंट्रल रेलवे मुंबई, पंजाब पुलिस जालंधर, रेल कोच फैक्टरी कपूरथला, दलवीर फुटबाल अकादमी पटियाला, कर्मचारी राज्य बीमा निगम फुटबाल क्लब दिल्ली, बीएसईएस फुटबाल क्लब दिल्ली, पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ तथा मंडी इलेवन टीमें भाग ले रही हैं।
इस मौके पर ऑल इंडिया हॉट वेदर फुटबाल प्रतियोगिता के सचिव राजेंद्र गुप्ता, नगर परिषद मंडी के पूर्व अध्यक्ष हेमंत राज वैद्य, पूर्व खेल निदेशक टीएल वैद्य, आल इंडिया फुटबाल एसोसिएशन के वित्त समिति के सदस्य केएम तिवारी व संतोष कपूर आदि मौजूद थे।

Related posts