बीएडीपी में कराए कार्यों ही होगी जांच

रुद्रपुर। बार्डर एरिया डेवलेपमेंट प्र्रोग्राम (बीएडीपी) के तहत कराए गए विकास और निर्माण कार्यों की जांच की जाएगी। निर्माण कार्यों की वास्तविकता और गुणवत्ता पता करने के निर्देश सीडीओ ने जारी कर दिए हैं। उन्होंने जांच के लिए दो टीमों का गठन कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि जिले के सीमांत क्षेत्र में रहने वाले लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक स्तर को सुधारने के लिए केंद्र सरकार ने बीएडीपी योजना चलाई है। जिले में खटीमा ब्लाक सीमांत क्षेत्र में आता है और यहां रहने वालों के विकास के लिए हर वर्ष करोड़ों का बजट केंद्र सरकार देती है। इस बजट से स्कूल भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, बारात घर, सामुदायिक भवन, हैंडपंप, पेयजल लाइनें, विद्युत पोल सहित अन्य विकास व निर्माण कार्य कराए जाते हैं। लेकिन स्थानीय लोगों के मुताबिक योजना का सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं किया जा रहा है और न ही प्राथमिकता के आधार पर क्षेत्र में विकास व निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। जो कार्य कराए भी जा रहे हैं तो उनमें गुणवत्ता की कमी है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ धीराज सिंह गर्ब्याल ने वर्ष 2011-12, 2012-13, व 13-14 में अब तक कराए गए सभी तरह के निर्माण कार्यों की जांच व सत्यापन करने के आदेश जारी कर दिए हैं। सीडीओ गर्ब्याल के मुताबिक निर्माण कार्यों के सत्यापन व जांच के लिए परियोजना निदेशक बालकृष्ण और जिला विकास अधिकारी आरसी तिवारी के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया है। बताया कि दोनों टीमों को तीन दिन के भीतर जांच कार्य पूरा कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इधर डीडीओ तिवारी ने बताया कि तीन दिन के भीतर जांच कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

Related posts