बीआरसी अपने स्तर पर बना पाएंगे परीक्षा उपकेंद्र

बिलासपुर(सोनू शर्मा) प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत छह मार्च से शुरू होने जा रही प्राइमरी, अप्पर प्राइमरी स्कूलों की परीक्षा के लिए बच्चे अपने नजदीकी परीक्षा केंद्र में ही वार्षिक परीक्षाएं देंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग ने खासे इंतजाम किए हैं। बीआरसी को ही अपने स्तर पर परीक्षा उप केंद्र बनाने की शक्तियां प्रदान की गई हैं। इसके लिए इन्हें बीइइओ या फिर उप निदेशक से परमिशन लेनी होगी।
जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि प्राइमरी स्तर के बच्चों को डेढ़ किलोमीटर और अप्पर प्राइमरी के बच्चे को तीन किलोमीटर की दूरी से अधिक वार्षिक परीक्षा देने के लिए नहीं जाना पड़े। यदि बीआरसी को यह उचित लगे कि बच्चों को वार्षिक परीक्षा देने के लिए ज्यादा दूरी तय करनी पड़ेगी तो वह अपने स्तर पर बीइइओ और उप निदेशक की परमिशन लेकर परीक्षा उप केंद्र बना सकते हैं। इसकी सूचना जिला परियोजना अधिकारी को भी देना अनिवार्य होगी। शिक्षा विभाग की इस योजना का लाभ प्रदेश भर के बच्चों को मिलेगा।
डाइट केंद्र जुखाला के प्रधानाचार्य ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि बीआरसी को इस बारे निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि बीआरसी उचित समझें तो अपने स्तर पर प्राइमरी, अप्पर प्राइमरी वार्षिक परीक्षा के दौरान परीक्षा उप केंद्र बना सकते हैं। इसके लिए उन्हें विभागीय परमिशन लेनी पड़ेगी।

Related posts