बीआरओ के मजदूरों ने बंद किया निर्माण कार्य

उत्तरकाशी। तांबाखानी सुरंग के बाहरी हिस्से में क्षतिग्रस्त गंगोत्री राजमार्ग के शीघ्र दुरुस्त होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। यहां काम कर रहे बीआरओ के डेढ़ सौ से अधिक मजदूरों ने तीन माह से मानदेय न मिलने पर काम बंद कर दिया है।
बीते साल अगस्त की बाढ़ में तांबाखानी वाले हिस्से में गंगोत्री राजमार्ग का बड़ा हिस्सा ढह कर भागीरथी में समा गया था। इसके साथ ही राजमार्ग के कई हिस्से तबाह हुए थे। आपदा में हुई क्षति के एवज में कोई बजट न मिलने पर भी बीआरओ किसी तरह तांबाखानी वाले हिस्से में राजमार्ग को दुरुस्त करा रहा है। शनिवार को यहां काम कर रहे डेढ़ सौ से अधिक मजदूरों ने औजार रखकर हड़ताल शुरू कर दी। उनका कहना है कि उन्हें तीन माह से मानदेय नहीं मिला है। ऐसे में उनके समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बीआरओ से शीघ्र मानदेय भुगतान की मांग की।
मजदूरों की हड़ताल से अब गंगोत्री राजमार्ग के जल्द तैयार होने के आसार नहीं हैं। ऐसे में बाहरी हिस्से में यातायात चालू न होने से तांबाखानी सुरंग का लाइनिंग कार्य भी शुरू नहीं हो पा रहा है।

कोट-
आपदा में तबाह राजमार्ग के लिए कोई बजट न मिलने पर तांबाखानी वाले हिस्से में सेना के बजट से काम कराया जा रहा है। फंड देरी से रिलीज होने से भुगतान में दिक्कत आई है। अन्य मदों से बुधवार तक मजदूरों का भुगतान कराया जाएगा।- ले.कर्नल राजेश सिंह, कमान अधिकारी बीआरओ।

Related posts