बिहार से भटक कर लोनी पहुंची किशोरी

लोनी । परिजनों को बिना बताए बिहार से आई एक 16 वर्षीय किशोरी भटकते हुए लोनी पहुंच गई। वह मौसी के घर जाना चाहती थी। पुलिस ने किशोरी को चाइल्ड हेल्प लाइन संस्था की सुपुर्दगी में दे दिया है। संस्था उसके परिजनों को बुलाकर उसे वापस घर भेजेगी।किशोरी ने अपना नाम जूली कुमारी पुत्री मदन करमदार निवासी ग्राम खुडिहार थाना आजम नगर जिला कटिहार बिहार बताया है। जूली ने बताया कि बीस जून को वह परिजनों को बिना बताए घर से निकली थी। वहां से कटिहार बहन पूजा के घर पहुंची। 22 जून को वह वहां से ट्रेन में बैठकर 25 जून को आनंद विहार दिल्ली पहुंची। शाम को ही गोरखपुर की ट्रेन में बैठ गई। 27 जून को गोरखपुर पहुंची तथा उसी दिन शाम को वापस नई दिल्ली की ट्रेन में बैठ गई। 28 जून की सुबह वह नई दिल्ली स्टेशन पहुंची। मेट्रो में बैठकर आनंद विहार बस अड्डा पहुंच गई। बस में बैठकर लोनी पहुंची। लोनी में अपनी मौसी आवला के घर जाना चाहती थी, लेकिन पूरा पता न होने के कारण वह दिन भर भटकती रही। कुछ लोगाें ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

Related posts