
कंडीसौड़ (टिहरी)। थौलधार प्रखंड के ग्राम पंचायत सुनारगांव के बिजली उपभोक्ता अनियमित बिल आने से परेशान हैं। समय पर रीडिंग न होने के कारण उन्हें एकमुश्त पांच से सात हजार के बिल भेजे जा रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि बिलों में सुधार नहीं किया गया तो ग्रामीणों को अपने संयोजन कटवाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
सुनारगांव के उपभोक्ता राकेश सिंह, जबर सिंह, मुन्ना सिंह, रामा देवी, प्रेमा देवी आदि ने बताया कि वह हर बिल का भुगतान समय से करते आ रहे हैं, लेकिन इस माह उन्हें पांच से सात हजार का बिल थमाया गया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र बिलों में सुधार नहीं किया जाता है, तो गांव के सभी लोग अपने संयोजन कटवाकर निगम के खिलाफ आंदोलन करेंगे। ऊर्जा निगम के ईई अमित कुमार ने कहा कि बिलों में जो गड़बड़ियां हैं, उन्हें सुधारने के लिए शीघ्र की कैंप लगाए जाएंगे। उपभोक्ता कैंप में आकर बिलों में सुधार करवा सकते हैं।
एनआर बिलों ने बढ़ाई उपभोक्ताओं की मुसीबतें
लंबगांव (टिहरी)। भदूरा पट्टी के रौणियां और नौघराल गांव के विद्युत उपभोक्ताओं पर ऊर्जा निगम की लापरवाही भारी पड़ रही है। उपभोक्ता राजेंद्र सिंह, छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष रोशन रांगड, संदीप रावत, महादेव सिंह, गजेंद्र सिंह आदि लोगों ने बताया कि ऊर्जा निगम की ओर से उपभोक्ताओं को एनआर बिल भेजे जा रहे हैं। बिलों में बड़ी गड़बड़ी है। राजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने घर का अक्तूबर माह का बिल 114 रुपये समयानुसार जमा कर दिया था, लेकिन दिसंबर माह में अब 8 हजार 946 रुपये का बिल उन्हें थमाया गया है। विद्युत बिलों में सुधार न होने पर उपभोक्ताओं ने आंदोलन की चेतावनी दी ही। ऊर्जा निगम के जेई एलपी नौटियाल ने बताया कि एनआर बिलों में संशोधन किया जाता है। उपभोक्ता बिल और वर्तमान रीडिंग लेकर कार्यालय में बिल जमा कर सकते हैं।
