
रामपुर बुशहर। हिमाचल लोनिवि, आईपीएच इंपलाइज तथा मजदूर यूनियन की रविवार को बैठक हुई। इस दौरान टीए और मेडिकल बिलों का भुगतान न किए जाने पर कर्मचारियों ने कड़ा रोष जताया।
शाखा प्रधान बीएस चौहान की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि रामपुर के लोनिवि और आईपीएच कर्मचारियों के करीब बीस लाख के टीए और मेडिकल बिल अटके हुए हैं। बार-बार मांग करने के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा है। बैठक में 4-9-14 का स्केल न देने पर भी कर्मचारियों ने नाराजगी जताई। कहा कि अन्य विभागों में यह टाइम स्केल दिया जा चुका है, लेकिन इन दो विभागों को इससे वंचित रखा गया है। कर्मचारियों ने मांग की कि टाइम स्केल का जल्द भुगतान किया जाए। बैठक में कर्मचारियों ने किन्नौर और उत्तराखंड के प्राकृतिक आपदा पीड़ितों के लिए एक दिन का वेतन देने का निर्णय लिया। इस बैठक में मांग की गई कि मजदूर कर्मचारियों को वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नत किया जाए। वहीं, आठ साल पूरा कर चुके दैनिक भोगियों को भी नियमित किया जाए। बैठक में जीवन सुनेल, भगवान दास, शिव कुमार, विशेषर लाल, खूबराम, जीवन मोदी, दीपराम, रामनाथ, विजय प्रकाश, पूर्ण सुख, गोविंद राम, गोवर्धन सिंह, वीरचंद, धर्मपाल आदि उपस्थित थे।
