
चंबा। बिजली बोर्ड ने बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। समय पर बिजली बिल की अदायगी न करने पर बोर्ड ने डिफाल्टर 100 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए हैं। अगर ये उपभोक्ता एक सप्ताह के भीतर बिल जमा नहीं करवाते हैं तो इनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे। चंबा शहर के इन सौ उपभोक्ताओं ने बीते कुछ महीनों से बिजली के बिल जमा नहीं करवाए हैं। बताया जा रहा है कि इन लोगों के बिल की राशि पांच हजार से अधिक हो गई है। बिजली बोर्ड के कर्मचारी रूटीन में इन उपभोक्ताओं के घरों में बिल देकर आते हैं। इसके बावजूद भी उपभोक्ता बिल जमा करवाने में आनाकानी कर रहे हैं। इस कारण बिजली बोर्ड को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। इसी बात के मद्देनजर बिजली बोर्ड ने बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। अगर डिफाल्टर उपभोक्ता एक सप्ताह के भीतर बिल जमा नहीं करवाते हैं तो इनके घरों की बिजली सप्लाई काट दी जाएगी। बिजली बोर्ड इन दिनों शहर के अलावा गांवों के भी डिफाल्टर उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर रहा है। सूची तैयार होने के बाद गांवों के डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई होना तय है। लिहाजा बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं को सर्द रातें अंधेरे में काटनी पड़ सकती हैं। बिजली बोर्ड के फरमान सुनने के बाद से डिफाल्टर उपभोक्ताओं में हलचल पैदा हो गई।
इंसेट ….
समय पर बिल जमा करवाएं : पवन
उधर, बिजली बोर्ड के एसडीओ पवन कुमार शर्मा ने बताया कि बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समस्त उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करवाने का आग्रह किया है।
