बिलिंग में हो सकता है पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप!

बैजनाथ (कांगड़ा)। बिलिंग घाटी में अगले साल पैराग्लाइडिंग का वर्ल्ड हो सकता है। बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन ने इसकी तैयारी कर ली है। मेजबानी लेने के लिए दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। दस्तावेजों के साथ आवेदन किया जा रहा है। प्री-वर्ल्ड कप की शानदार मेजबानी के बाद उम्मीद लगाई जा रही है कि बिलिंग में वर्ल्ड कप भी हो सकता है। बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के निदेशक अनुराग शर्मा ने बताया कि खेल की सर्वोच्च संस्था पीडब्लयूसीए के समक्ष वर्ल्ड कप के लिए जल्द ही दस्तावेजों सहित आवेदन किया जा रहा है और उम्मीद है कि नए वर्ष की शुरूआत में इसकी घोषणा हो सकती है। उन्होंने पूरी उम्मीद जताई कि बिलिंग को वर्ल्ड कप की मेजबानी मिल सकती है।
इधर, प्री-वर्ल्ड कप के बाद मशहूर बिलिंग घाटी से विदेशी पैराग्लाइडर अपने वतन को वापस होने लगे हैं। इनकी वापसी के बाद घाटी में पैराग्लाइडिंग सीजन की लगभग समाप्ति हो गई है। अब आधा दर्जन विदेशी पायलटों के अतिरिक्त स्थानीय पायलट ही कम दूरी की उड़ाने भर रहे हैं। घाटी के लिए यह सीजन संतोषजनक रहा है। पांच वर्ष के बाद हुए पैराग्लाइडिंग प्री-वर्ल्ड कप की सफलता के बाद आगामी वर्ष यहां वर्ल्ड कप की उम्मीद की जा रही है। पायलट सुरेश ठाकुर, अरविंद पाल और ज्योति ठाकुर का कहना है कि स्थानीय स्तर पर उड़ाने जारी रहेंगी। विदेशी मेहमानो के अब मार्च में आने की उम्मीद है।

Related posts