बिलासपुर में भिड़े छात्र संगठन

बिलासपुर। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर में चुनावी की खुमारी के बीच दो छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं में खूनी झड़प हो गई। कालेज में प्रचार के पश्चात बाजार में एबीवीपी और बीएसए के छात्र आपस में टकरा गए। किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। मारपीट की इस घटना में लगभग आधा दर्जन विद्यार्थी घायल हो गए हैं। पुलिस ने संगठनों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार के दिन दोनों संगठनों के कार्यकर्ता चुनाव प्रचार को जा रहे थे कि स्टेट बैंक आफ इंडिया के समीप दोनों छात्र संगठन के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ता लगभग दस मिनट तक आपस में भिड़ते रहे। इससे सड़क पर जाम की स्थिति भी पैदा हो गई। इस दौरान दोनों छात्र संगठनों से जुडे़ मनीष कुमार, अजय, लक्की, रोहित, पंकज, विनोद, प्रमोद गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों संगठनों की शिकायत के आधार पर क्रास एफआईआर दर्ज की है। इधर, चुनाव से महज एक दिन पहले ही इस मारपीट को लेकर शहर में चरचा का बाजार गर्म है। एनएसयूआई ने इसे मुद्दा बनाते हुए एबीवीपी और बीएसए के खिलाफ प्रचार तेज कर दिया है। वहीं, पुलिस ने भी पहरा बैठा दिया है। शनिवार को बिलासपुर कालेज में पुलिस का कड़ा पहरा होगा। एसपी कपिल शर्मा ने बताया कि दोनों संगठनों के छात्रों की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts