
बिलासपुर। जनपद बिलासपुर में कम मूल्य के स्टांप पेपर नहीं मिल रहे हैं। एक, दो और पांच रुपये के स्टांप पेपर नहीं होने के कारण लोगों को महंगे स्टांप पेपर खरीदने पड़ रहे हैं। इसके चलते उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
हालांकि महंगे स्टांप पेपर मिल रहे हैं। जिन लोगों को इनकी जरूरत है वह इन्हें खरीद भी रहे हैं लेकिन कम मूल्य के स्टांप नहीं मिलने के कारण लोगों को ही नुकसान उठाना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार जो लोग अपने राजस्व सहित अन्य कार्य करवाने के लिए एक, दो, पांच रुपये के स्टांप की मांग कर रहे हैं। उन्हें 10, 20, 50, सौ रुपये के स्टांप पेपर थमाए जा रहे हैं लेकिन मजबूरी में उन्हें महंगे स्टांप पेपर खरीदने पड़ रहे हैं। पुख्ता सूत्रों की मानें तो कम मूल्य के स्टांप पेपर बंद हो सकते हैं। इसके बाद 10 रुपये के स्टांप पेपर से ही स्टांप की शुरूआत होगी। बहरहाल, लोग महंगे स्टांप पेपर खरीदकर ही अपना काम चला रहे हैं।
सुनील, देवेंद्र, विजय, रोशन ने कहा कि उन्हें अपने राजस्व संबंधी कार्य के लिए पांच रुपये का स्टांप चाहिए थे। विभिन्न जगहों पर इसका पता किया परंतु उपलब्ध नहीं हो सका। इस वजह से उन्हें 20 रुपये का स्टांप खरीदना पड़ा। इससे उनके समय और धन दोनों की बर्बादी हुई है।
जिला राजस्व अधिकारी शशी पाल शर्मा ने कहा कि कम मूल्य के स्टांप पेपर की सप्लाई कम आ रही है जिसके चलते समस्या हुई है लेकिन जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।
