बिलासपुर को मिले आधी रायल्टी

बिलासपुर। आठ दिनों से बंद पड़ी नगर परिषद की बिजली बहाल करने के लिए नगर परिषद के उपाध्यक्ष और पार्षदों ने राज्य सरकार को आभार प्रकट किया है। नगर परिषद के उपाध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप, पार्षद वीरदीन, शशिबाला, सोमा देवी, निर्मला राणा, सोनिया, सोनिका शर्मा, आदित्य मोहन ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखबिंद्र ठाकुर, शहरी मंत्री सुधीर शर्मा, बीस सूत्रीय कार्यक्रम एवं क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष राम लाल ठाकुर, स्थानीय विधायक बंबर ठाकुर का धन्यवाद किया है।
उन्होंने कहा कि भाखड़ा विस्थापितों के दर्द को समझते हुए नेताओं ने लोगों को राहत पहुंचाई है। अंधेरे के कारण यहां अनहोनी होने का डर लगा रहता था। इस शहर को देश के लिए बलिदान देने का गौरव है। देश का पहला बांध बनकर विद्युत के क्षेत्र में एक मील पत्थर बनकर देश रोशन हुआ। इसमें बिलासपुर के लोगों को विस्थापन का दंश झेलना पड़ा। पार्षदों ने कहा कि बीबीएमबी ने शहर के लिए एक रुपया भी खर्च नहीं किया है। शहर के निर्माण में तक कंपनी ने कोई सहयोग नहीं किया। सुंदरनगर आदि शहर बीबीएमबी ने बसाए हैं। नगर परिषद ने निर्णय लिया है कि बीबीएमबी पर केस दायर किया जाए जैसा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में किया था। इसके परिणाम स्वरूप 4250 करोड़ रुपये हिमाचल को देने के आदेश हुए। इसमें से आधा राशि बिलासपुर शहर व जिला पर खर्च की जानी चाहिए।

Related posts