बिलासपुर कालेज में बढ़ गया पहरा

बिलासपुर। स्थानीय कालेज में मंगलवार को दो छात्र संगठनों के बीच हुए हंगामे के बाद पुलिस ने पहरा बढ़ा दिया है। कालेज में अन्य दिनों की अपेक्षा आज पुलिस जवानों की संख्या अधिक देखी गई। सिविल में भी पुलिस काफी संख्या में घूमते हुए नजर आए। उधर, जिस छात्रा पर एक विद्यार्थी ने कथित तौर पर फब्तियां कसी थी, वह कालेज में अचानक बीमार हो गई। उसे उपचार के लिए 108 एंबुलेंस सेवा से अस्पताल ले जाना पड़ा।
एबीवीपी और बीएसए के बीच हुए हंगामे के बाद कालेज में माहौल आज भी तनाव पूर्ण रहा। पुलिस का कड़ा पहरा हुआ। आज किसी भी तरह की कोई घटना नहीं हुई। संभावित एससीए चुनाव तक अब कालेज में पुलिस का कड़ा पहरा रहने की संभावना जाहिर की जा रही है। वीरवार को कालेज में पुलिस के जवान वर्दी के अलावा सिविल में भी रहे। उधर, इस मामले में गिरफ्तार किए गए चारों छात्रों को आज एसडीएम की अदालत में पेश किया गया। जहां उन्हें भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। छात्रा पर कथित फब्तियां कसने वाले एक छात्र पर पुलिस ने भादंसं की धारा 504, 506 और 509 के तहत भी मामला दर्ज किया है। डीएसपी प्रमोद चौहान ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि कालेज में किसी भी तरह की मारपीट को रोकने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। समय-समय पर वह स्वयं भी इलाके का दौरा करेंगे। कालेज प्राचार्य आरपी चौपड़ा ने कहा कि छात्रा कालेज में चक्कर आ गया था। इसके लिए उन्होंने एक शिक्षिका की ड्यूटी लगाई थी। उसे 108 में एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।

Related posts