
कुल्लू। हिमाचल लोकहित पार्टी के सुप्रीमो महेश्वर सिंह ने प्रचार के अंतिम दिन मनाली विधानसभा क्षेत्र के हलाण, नग्गर, रायसन तथा भेखली में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जनता से अपील की है कि अगर भ्रष्टचार से निजात पानी है तो भाजपा को वोट न दें। उन्होंने कहा कि अपने वोट की कीमत पहचानें और आत्म चिंतन करने के बाद ही ऐसे दल को वोट दें जो सही मायने में इसका हकदार हो। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास आज कोई मुद्दा नहीं है। ऐसे में मोदी के नाम पर वोट मांगे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता पाने के लिए भाजपा सारी नीतियाें को ताक पर रखकर मोदी के नाम पर गुमराह कर रही है। कहा कि मोदी की कोई लहर नहीं है। उन्होंने कहा कि भविष्य में हिमाचल लोकहित पार्टी बड़े स्तर पर चुनाव लड़ेगी और मिशन 2017 को फतह करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाएंगे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष गोपी चंद, वीर चंद, केशव मस्ताना, तेजेंद्र कपूर, गोविंद गुलेरिया, मीडिया प्रभारी राजेंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।
