
रामनगर। बिना परमिट के पर्यटकों को गुपचुप ढंग से जंगल सफारी कराने पर शनिवार को कार्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन ने छह जिप्सी मालिकों पर 30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। सीटीआर निदेशक निदेशक सुरेंद्र मेहरा के निर्देश पर छापा मारा गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
निदेशक ने बताया कि पार्क के दुर्गा देवी गेट से अक्सर शिकायत आने पर छापामार अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि जिन छह जिप्सियों को पकड़ा गया, उनमें पर्यटक सवार थे और बिना सीटीआर की इजाजत के उन्हें जंगल में घुमाया जा रहा थ। प्रत्येक जिप्सी मालिक पर पांच हजार रुपये प्रति जुर्माना लगाया गया है। मामले की जांच एसडीओ एलआर नाग को सौंपी गई है। यदि विभागीय संलिप्ता मिलेगी तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। पकड़ी गई जिप्सियों को फिलहाल ब्लैक लिस्ट किया गया है। यदि जांच के दौरान जिप्सियों का पूर्व में भी नियम विरूद्ध कोई मामला पाया गया तो इन्हें पार्क में हमेशा के लिए ब्लैक लिस्ट कर दिया जाएगा।
