
शिमला। सरकारी स्कूलों में कक्षाएं शुरू हुए एक माह बीतने को है, मगर स्कूलों में लागू की गई सतत समग्र मूल्यांकन के तहत छात्रों की साप्ताहिक, मासिक और वार्षिक उपलब्धियों सहित हर तरह की जानकारी कार्ड पर दर्ज की जाती है। मगर अभी तक स्कूलों में ग्रेडिंग कार्ड ही नहीं पहुंच पाए हैं। एक माह के बाद हर छात्र की चेक लिस्ट में दर्ज एंट्री को ग्रेडिंग कार्ड में भरा जाता है। स्कूलों में वार्षिक परीक्षा बंद कर लागू की गई सीसीए प्रणाली में साप्ताहिक, मासिक हर छात्र की गतिविधियों को ग्रेड आधार पर एंटर किया जाता है। यदि समय रहते ग्रेडिंग कार्ड छप कर नहीं आए तो शिक्षकों को हर छात्र का रिकार्ड रखने और उसके बाद कार्ड मिलाने के बाद उसे दर्ज करने का झमेला सहन करना पड़ेगा। आम तौर पर शैक्षणिक सत्र के शुरू में ही चैक लिस्ट और ग्रेडिंग कार्ड उपलब्ध करवा दिए जाते हैं, मगर इस सत्र में अभी तक कार्ड वितरित नहीं हो सके हैं। एसएसए के जिला परियोजना अधिकारी सीपी गरेड़ा ने भी माना कि कार्ड प्रिंट होकर नहीं पहुंच पाए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही कार्ड छपकर आ जाएंगे। नए कार्ड मिलने तक बीआरसी के माध्यम से शिक्षकों को उपलब्ध करवाई गई पुरानी चेक लिस्ट पर ही छात्र की रिपोर्ट तैयार करें। चेक लिस्ट में सप्ताह भर में पढ़ाए गए पाठ, उस पर छात्र की हर गतिविधि को दर्ज करना होता है। हालांकि शिक्षक अपने स्तर पर चेक लिस्ट पर ही रिकार्ड दर्ज कर रहे है।
