बिना आधार नहीं मिलेगा सब्सिडी का सिलेंडर

नालागढ़ (सोलन)। केंद्र सरकार के घरेलू गैस पर दी जाने वाली सब्सिडी का लाभ चाहिए तो उपभोक्ता अपना आधार कार्ड तथा बैंक खाता नंबर गैस एजेंसी को मुहैया करवाएं। ऐसा न करने पर सब्सिडी से लोगों को महरूम होना पड़ेगा। केंद्र सरकार की यह शर्त पहली जुलाई से लागू हो रही है। घरेलू गैस उपभोक्ता को गैस एजेंसी में अपना आधार कार्ड और बैंक खाता नंबर मुहैया करवाना होगा। सरकार ने पहले 6 और अब 9 घरेलू गैस सिलेंडरों पर सब्सिडी दी है और यह केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को मुहैया होगी, जिनके आधार कार्ड बने होंगे। नालागढ़ उपमंडल में स्थित इंडेन गैस एजेंसी में करीब 20000 घरेलू गैस उपभोक्ता है, लेकिन हैरत की बात यह है कि अभी तक केवल 700 उपभोक्ताओं ने ही आधार कार्ड जमा करवाए हैं। इंडेन गैस एजेंसी नालागढ़ के प्रभारी एचएस राणा ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने अपने आधार कार्ड गैस एजेंसी में जमा नहीं करवाएं है, वह शीघ्र अपने आधार कार्ड बैंक खाता नंबर सहित मुहैया करवाएं।

Related posts