
चंबा। आधार कार्ड के बिना छात्रों के आनलाइन स्कॉलरशिप फार्म नहीं भरे जाएंगे। इससे सैकड़ों छात्रों को स्कॉलरशिप पाने से वंचित रहना पड़ सकता है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक नौंवी कक्षा से 12वीं कक्षा तक की सभी प्रकार की स्कॉलरशिप आनलाइन कर दी गई है। स्कॉलरशिप के फार्म भी आनलाइन भरे जाएंगे, लेकिन इसके लिए छात्रों के आधार कार्ड व जीरो बैलेंस अकाउंट का होना अनिवार्य है। इसके बिना छात्रों को स्कॉलरशिप नहीं मिलेगी। शिक्षा विभाग की ओर से जिला भर के सभी स्कूलों के मुखिया को कई बार छात्रों के आधार कार्ड व जीरो बैलेंस अकाउंट खुलवाने के निर्देश दिए, लेकिन आज तक अधिक ांश स्कूलों के छात्रों के न तो आधार कार्ड बने और न ही बैंक अकाउंट खुले हैं। ऐसे में संबंधित स्कूल के छात्रों को स्कॉलरशिप की सुविधा से वंचित रहना पड़ सकता है। शिक्षा विभाग के उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं कि जिन स्कूलों के छात्रों के आधार कार्ड नहीं बने हैं, वे जल्द बच्चों के आधार कार्ड बनवा लें। ऐसा न होने पर स्कूल मुखिया व स्कॉलरशिप प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
दिन दिन में बनवाएं आधार कार्ड
जिला के प्राइमरी व मिडल स्कूलों के छात्रों के भी अभी तक आधार कार्ड नहीं बने हैं। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में अभी तक एक भी स्कूल से आधार कार्ड की सूचना नहीं मिली है। ऐसे में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को अपने उच्चाधिकारियों को जवाब देना मुश्किल हो गया है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक एसके पुंडीर ने सभी स्कूल मुखिया को निर्देश जारी किए हैं कि तीन दिन के भीतर स्कूली बच्चों के आधार कार्ड बनाकर इसकी सूचना प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय को प्रेषित करें। ऐसा न होने पर विभाग की ओर से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
