बिना आधार कार्ड के कैसे बनेगा ‘आधार’

चंबा। सरकार का आधार कार्ड बनाने वाली कंपनी से करार खत्म हो गया है। इसके चलते आधार कार्ड बनाने का काम भी बंद कर दिया गया है। इस कारण हर रोज सैकड़ों लोग आधार कार्ड बनाने के लिए भटक रहे हैं। वहीं आधार कार्ड न बन पाने के कारण लोगों को इससे जोड़ी गई विभिन्न सेवाओं का लाभ न मिल पाने की भी चिंता सताने लगी है। जिले में अभी तक 15 से 20 फीसदी लोगों के आधार कार्ड नहीं बने हैं। ऐसे में इन लोगों को मुश्किलों को सामना करना पड़ सकता है। सरकार ने आधार कार्ड को एक अनिवार्य दस्तावेज घोषित किया है। बिना आधार कार्ड के लोग किसी सरकारी सुविधा का लाभ नहीं ले सकते। स्कूल में दाखिला लेने से लेकर स्कूली बच्चों को स्कालरशिप या अन्य सुविधाएं लेेने के लिए जहां आधार कार्ड को जरूरी कर दिया गया है, वहीं कल्याण विभाग से मिलने वाली वृद्ध अवस्था, विधवा, विक लांग तथा अन्य पेंशन प्राप्त करने के लिए भी आधार कार्ड का होना जरूरी है। इसके अलावा बैंक में खाता खुलवाने, गैस कनेक्शन लेने व अन्य सरकारी सुविधाएं पाने के लिए आधार कार्ड को अनिवार्य क र दिया गया है। ऐसे में जिले में जिन लोगों के आधार कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें सरकारी सुविधाएं पाने में अड़चनें पैदा हो सकती हैं। उधर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक आरके चड्ढा ने माना कि आधार कार्ड बनाने वाली कंपनी का सरकार के साथ करार खत्म हो गया है। इस कारण आधार कार्ड बनाने का काम बंद हुआ है। उन्होंने कहा कि जल्द नई कंपनी को आधार कार्ड बनाने का कांट्रेक्ट दिया जाएगा। इसके बाद दोबारा आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

Related posts