बिना आईकार्ड के छात्र बने परेशानी का सबब

चंबा । परिवहन निगम की बसों में 50 फीसदी बिना आईकार्ड वाले विद्यार्थी मुफ्त बस सेवा का लाभ उठा रहे हैं। स्कूल प्रबंधन द्वारा स्कूली बच्चों के आई कार्ड न बनाए जाने के कारण हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिना आई कार्ड वाले विद्यार्थी निगम की बसों में सफर करते हैं। इससे निगम के कंडक्टर भी धोखे में रहते हैं कि बच्चे सच में स्कूलों में पढ़ रहे हैं या सरकारी बसों में मुफ्त में सफर कर निगम को चूना लगा रहे हैं। कई बार स्कूली बच्चों को निगम के कर्मी मुफ्त में सफर करने देते हैं। कई दफा नियमानुसार बिना आई कार्ड वाले विद्यार्थियों से किराया लेना पड़ता है। जिला के 1496 हाई व प्राइमरी और 88 वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के विद्यार्थी मुफ्त बस सेवा का लाभ उठा रहे हैं। अभी तक जिला के पचास फीसदी स्कूली बच्चों को आई कार्ड नहीं बांटे गए हैं। करीब 2 माह का समय पूर्ण होने के बाद भी स्कूलों के मुखिया कार्ड नहीं बना पाए हैं।
एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधन विनोद कुमार ने बताया कि बिना आईकार्ड वाले विद्यार्थी बसों में सफर कर रहे हैं। स्कूलों के मुखियों को जल्द विद्यार्थियों के आईकार्ड बनाने चाहिए ताकि बच्चों को मुफ्त बस सेवा का लाभ लेने में परेशानी न हो।

Related posts