बिना अध्यापकों के चल रहे तीन स्कूल

तीसा (चंबा)। तीसा उपमंडल के तीन प्राइमरी स्कूल बिना अध्यापक के चल रहे हैं। इस कारण इन स्कूलों में शिक्षा ग्रहण क र रहे बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है। जानकारी के मुताबिक राजकीय प्राइमरी स्कूल मंगिणी, बाड़ा और छंपा में लगभग एक साल से एक भी स्थायी अध्यापक नहीं है। इस कारण इन स्कूलों में पढ़ रहे 80 के करीब छात्र-छात्राआें की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मौजूदा समय में राजकीय प्राइमरी स्कूल बाड़ा 35, मंगिणी में 20 और छंपा में 25 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, लेकिन स्थायी अध्यापक न होने के कारण इन स्कूली बच्चों को उचित शिक्षा नहीं मिल पा रही है। अभिभावक प्रताप सिंह, बेली राम, दीप राज, प्रेम चंद, मान सिंह, भूपेंद्र सिंह, चुनी लाल, कर्म चंद, अमर सिंह और गौतम चंद ने बताया कि स्कूल में स्थायी अध्यापक न होने के कारण उनके बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की ओर से कुछ दिन के लिए डेपुटेशन पर टीचर भेजकर काम चलाया जा रहा है। उन्होंने विभाग को चेताया है कि जल्द स्कूल में स्थायी अध्यापकों की नियुक्ति नहीं की गई तो वे अपने बच्चों को दूसरे स्कूलों में भेज देंगे। इस संबंध में बीपीओ मीना शर्मा ने बताया कि स्कूल में डेपुटेशन पर अध्यापक भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल में रिक्त पड़े पदों के बारे में विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।

Related posts