बिड़ला परिसर में 25 प्रत्याशियों ने करवाया नामांकन

श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए कुल 25 प्रत्याशियों ने दावेदारी पेश की है। नामांकन के दूसरे दिन अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशियों के साथ कुल 12 ने पर्चा भरा। 13 प्रत्याशी सोमवार को ही नामांकन करवा चुके थे।
मंगलवार को नामांकन के अंतिम दिन बिड़ला परिसर में गहमा-गहमी रही। अध्यक्ष पद के तीनों प्रत्याशियों ने दूसरे दिन ही नामांकन करवाया। इनमें एबीवीपी के विनित चंद्र पोस्ती, जय हो ग्रुप के पुष्पेंद्र पंवार और विपिन नौटियाल शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) के लिए दर्शन सिंह दानू, दीपक उनियाल और ताजबर सिंह रावत ने पर्चे भरे। सचिव पद पर कमलेश थपलियाल और नवीन कंडवाल ने नामांकन करवाया। उपाध्यक्ष पद पर मंगलवार को केवल अंकिता धनाई ने नामांकन करवाया। सह सचिव पद के लिए विशाल यादव, राकेश धिरवाण और अखिलेश चमोली ने पर्चा भरा, जबकि कार्यकारिणी सदस्य के लिए केवल सूरज प्रकाश नैथाणी ने नामांकन करवाया।

एबीवीपी ने बनाया दर्शन दानू को प्रत्याशी
श्रीनगर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। दर्शन सिंह दानू यूआर पद पर संगठन की ओर से चुनाव लड़ेंगे। मंगलवार को एबीवीपी की बैठक में दर्शन सिंह दानू को सर्वसम्मति से यूआर पद का प्रत्याशी घोषित किया गया। राष्ट्रीय मंत्री रमेश गड़िया ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होने का आह्वान किया। दानू ने हमेशा छात्र हित में कार्य करने का वादा किया। कहा कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक माहौल सुधारना और छात्रों को अधिकाधिक सुविधाएं दिलवाना उनकी प्राथमिकता होगी। इस मौके पर महेंद्र बंगवाल, संदीप राणा, भरत गड़िया, संजय और दीपक आदि मौजूद थे।

बैठक पांच को
श्रीनगर। बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर 5 सितंबर को त्रिपक्षीय बैठक होगी। गढ़वाल विश्वविद्यालय के मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एसएस देव ने बताया कि इसमें जिला प्रशासन, पुलिस और छात्र शामिल होंगे। बैठक में चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने को लेकर चर्चा की जाएगी। साथ ही छात्रों और प्रत्याशियों को चुनाव के नियमों की जानकारी दी जाएगी।

Related posts