
पौड़ी। अतिवृष्टि की चपेट में आए राठ क्षेत्र के चुठाणी गांव में ऊर्जा निगम 47 दिन बाद भी बिजली आपूर्ति तो सुचारु नहीं कर पाया पर गांव में बिजली के बिल जरूर भेज दिए। ऊर्जा निगम की इस कार्यप्रणाली से लोग परेशान हैं।
राठ क्षेत्रवासी वीरेंद्र सिंह कहते हैं कि बिजली न आने के बाद भी बिल देना गलत है। मौजूदा परिस्थितियों में इसका भुगतान करना संभव नहीं है। चुठाणी के दलवीर सिंह कहते हैं कि 23 जुलाई को राठ क्षेत्र में अतिवृष्टि की चपेट में आने से चुठाणी गांव की बिजली लाइन बह गई थी। तब से यह गांव सड़क और बिजली की व्यवस्था से कटा हुआ है। ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी हरीश नौडियाल कहते हैं कि शासन की ओर से अतिवृष्टि की चपेट में आए गांवों के उपभोक्ताओं के बिजली के बिल माफ करने का शासनादेश जारी किया है, जो अभी पौड़ी नहीं पहुंच पाया है। शासन की ओर से निर्धारित गांवों की सूची में चुठाणी का नाम शामिल होगा तो इस गांव के उपभोक्ताओं के बिजली के बिल माफ कर दिए जाएंगे। चुठाणी गांव में 25 उपभोक्ता हैं।
