
चंबा। जिला अस्पताल में 24 घंटे समस्त टेस्ट करवाने की सुविधा देने वाली रेनबैक्सी एसआरएल लैब बिजली का कनेक्शन न मिलने के कारण शुरू नहीं हो पा रही है। हैरानी की बात है कि यह लैब पिछले चार माह से बिजली बोर्ड के फेर में फंसी हुई है और सरकार व प्रशासन कुछ नहीं कर पाया है। बताया जा रहा है कि बिजली बोर्ड के अड़ियल नियमों के कारण लैब को बिजली कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। प्रदेश सरकार की योजना के तहत शुरू हो रही इस लैब के न खुल पाने का खामियाजा जिले की छह लाख की आबादी को ही भुगतना पड़ रही है। एसआरएल (सुपर रेलीगेयर लैबोरेटरी) की ओर से जिला अस्पताल में लगभग समस्त उपकरण पहुंचा दिए गए हैं। बिजली कनेक्शन न मिलने के कारण लैब शुरू नहीं हो पाई है। एसआरएल लैब खुलने से जिले के रोगियों को कई जरूरी टेस्ट करवाने की सस्ती सुविधा अस्पताल में मिलनी थी। लैब में थायराइड, इलेक्ट्रोलाइट, ब्लड कल्चर, सिरम, हिस्ट्रोपैथोलाजी, बायोक्सी, आरएफटी, एलएफटी टेस्ट करवाने की सुविधा 24 घंटे मिलेगी। जिला अस्पताल में पैथोलोजिस्ट न होने के कारण लोगों को कई टेस्ट निजी लैब में करवाने पड़ते हैं। इससे लोगों को काफी मुश्किलें आती हैं। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने माना कि लैब को स्थापित करने का कार्य पूरा होते ही लैब में टेस्ट करवाने की सुविधा लोगों को मिलेगी। लैब के सीनियर साइंटिफिक आफिसर जीआर वर्मा ने बताया कि बिजली के कनेक्शन के लिए बिजली बोर्ड को 54 हजार के दो ड्राफ्ट बनाकर दिए गए थे। बिजली बोर्ड ने दो चेक साफ्टवेयर द्वारा न उठाए जाने की बात कहकर वापस कर दिए थे। अब 54 हजार का एक चेक बनाने के लिए कहा गया है। जल्द ड्राफ्ट बिजली बोर्ड को दे दिया जाएगा। इस संबंध में बिजली बोर्ड के एक्सईएन एमएल शर्मा ने बताया कि कनेक्शन के लिए संबंधित कंपनी ने औपचारिकताएं पूरी नहीं की हैं। इस कारण देरी हुई है। उन्होंने कहा कि बोर्ड की मशीन पेमेंट के दो ड्राफ्टनहीं उठाती है। कंपनी को एक ड्राफ्ट जमा करवाने को कहा गया है। ड्राफ्ट मिलते ही कनेक्शन लगा दिया जाएगा।
इंसेट …..
सस्ते होंगे टेस्ट
एमएस डा. विनोद शर्मा ने बताया कि लैब में टेस्ट करवाने का शुल्क भी रोगी कल्याण समिति द्वारा तय मापदंडों पर आधारित होंगे। ब्लड कल्चर, हारमोन और थायरायड के टेस्ट के निजी लैबों में 700-800 रुपये लगते हैं। एसआरएल लैब में इसके 350-400 रुपये लगेंगे। आरएफटी व एलएफटी टेस्ट के प्राइवेट में दो सौ रुपये से अधिक वसूले जाते हैं। एसआरएल लैब में 50-60 रुपये ही लिए जाएंगे। एसआरएल लैब में टेस्टों की रिपोर्ट बेव वेस्ड होगी यानी टेस्टों की रिपोर्ट इंटरनेट पर भी देखी जा सकती है।
इंसेट ..
गर्भवती और आईआरडीपी के फ्री होंगे टेस्ट
एसआरएल लैब में आरएफटी, एलएफटी, सीबीसी के टेस्ट गर्भवती महिलाओं और आईआरडीपी के मरीजों के लिए फ्री होंगे। इससे जिले के काफी संख्या में लोगों को फायदा मिलेगा।
