
शिलाई (सिरमौर)। बिजली बोर्ड का शिलाई उपमंडल राम भरोसे चल रहा है। यहां न तो एसडीओ है और न ही जेई। चार जेई एवं एक एसडीओ का पद खाली है। इस कारण 40 पंचायतों के लोगों को अपने काम करवाने 60 किलोमीटर दूर सतौन जाना पड़ रहा है। इतना बड़ा क्षेत्र होने के बावजूद भी यह पूरा उप मंडल खाली पड़ा है।
शिलाई पंचायत के प्रधान रमेश नेगी, ग्वाली के प्रधान बलदेव सिंह चौहान सहित नरेश कुमार, सुंदर सिंह, गुमान सिंह व जगत सिंह आदि का कहना है कि पांवटा और शिलाई विकास खंड की 40 पंचायतों को उपमंडल शिलाई विद्युत आपूर्ति प्रदान करता है। लेकिन यहां पर चार जेई और एक एसडीओ का पद रिक्त है। एसडीओ का कार्यभार उप मंडल सतौन के एसडीओ को दिया गया है। इस कारण ग्रामीणों को अपने कार्य के लिए भी 60 किलोमीटर दूर सतौन जाना पड़ रहा है।
शिलाई के विधायक बलदेव तोमर ने बताया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार की ओर से तबादले किए जाने से यहां सभी पद रिक्त पड़े है। उन्होंने कहा कि वह यह मामला विधानसभा सत्र में उठाकर यहां पद भरने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि इन अनदेखी के लिए यहां की जनता आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को करारा जवाब देगी।
इस संबंध में विद्युत मंडल पांवटा के अधिशासी अभियंता एके धीमान ने रिक्त पदों की पुष्टि करते हुए बताया कि सतौन के एसडीओ को शिलाई का कार्यभार सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों की सूची निदेशालय व प्रदेश सरकार को भेज दी गई है। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद भी पद भरे जाएंगे।
