बिजली बेहाल करेगी, पर पानी मिलेगा

शिमला। भारी बर्फबारी से जगह-जगह पेड़ गिरने की वजह से रविवार को शहर भर में बिजली आपूर्ति बाधित रही। सोमवार को भी बिजली का आना-जाना जारी रह सकता है। हालांकि नगर निगम ने दावा किया है कि गिरि और गुम्मा पेयजल परियोजना में पंपिंग सुचारु रही है। नगर निगम ने सोमवार को पूरे शहर में पानी देने का दावा किया है।
चक्कर, टुटू, भराड़ी, कुफ्टाधार, लांगवुड, रुलदूभट्टा, कनलोग, कल्सटन, यूएस क्लब, जाखू, ओकवुड, संस्कृत कॉलेज रोड फागली, नवबहार, संजौली, न्यू शिमला में रविवार को दिन भर बिजली की आंखमिचौली जारी रही। अधिशासी अभियंता विशेषवर शर्मा ने बताया कि चक्कर, भराड़ी, गुलमर्ग होटल, सनो व्यू एरिया के पास गिरे पेड़ों के कारण बिजली के तार टूट गए हैं। जिनकी मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।

रविवार को देरी से मिला पानी
शहर भर में कड़ाके की ठंड के चलते पानी के पाइप जम गए हैं। रविवार को लोगों को देरी से पानी की सप्लाई मिल पाई। लक्कड़ बाजार, शांकली, जाखू में सुबह नौ बजे के बाद पानी मिला। निगम अभियंता विजय गुप्ता ने बताया कि पानी देने के समय में थोड़ा परिवर्तन किया गया लेकिन शहर भर में पानी की सुचारु सप्लाई दी गई है।

Related posts