
पुखरी (चंबा)। कोटी सब डिवीजन के तहत बिजली बोर्ड ने क्षेत्र के उपभोक्ताओं को तीन-चार माह का इकट्ठा बिल थमाकार झटका दे दिया है। ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए तीन-चार माह का भारी बिल चुकाने की समस्या खड़ी हो गई है। स्थानीय उपभोक्ताओं ने बताया कि पहले बिजली बोर्ड एक या दो माह के बाद बिजली के बिल देता था और वे आसानी से अदा कर देते थे। अब एक साथ तीन माह का बिल एक साथ आने से बिल अदा करने की चिंता उपभोक्ताओं को सता रही है। गरीब उपभोक्ताओं को आर्थिक संकट ने घेर लिया है। कोटी सब डिवीजन के अंतर्गत आने वाले उपभोक्ताओं राजीव, राजेश, अनिरूद्ध, मंजीत सिंह, रणजीत सिंह, चकलू पंचायत के रमेश कुमार, चैन सिंह, चमारू राम, केवल सिंह, पिंकी देवी, चमन सिंह, राम सिंह, चीनो देवी, ध्रुव कुमार, मंगत राम, लाजम सिंह, वीर सिंह, लोचू राम, भीलो राम, चंडी लड़ोग के उपभोक्ताओं कैलाश चंद, बचन सिंह, चमन, प्रताप चंद, ज्ञानो राम, कविंद्र, कालू राम, रेश्मो देवी ने बताया कि एक साथ 1500-2000 रुपये का बिल आया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि एक तरफ मंहगाई ने बजट बिगाड़ कर रखा है। दूसरी तरफ बिजली बोर्ड ने एक साथ भारी भरकम बिल बिल थमाकर दिक्कतें बढ़ा दी हैं। उन्होंने बिजली बोर्ड से मांग की है कि एक साथ तीन चार महीनों के बिल न दिए जाएं और कुछ क्षेत्र में बिजली के बिल अधिक आएं हैं, उसकी भी जांच की जाए।
उधर, बिजली बोर्ड के अधिशाषी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि कम से कम दो माह का बिल इकट्ठा देने का प्रावधान है। आगे से इस बात पर ध्यान दिया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं का बिल अधिक आया है, वे इस संबंध में बिजली बोर्ड के एसडीओ के पास जाकर अपनी समस्या रख सकते हैं।
