बिजली बिल देख उड़े उपभोक्ताओं के होश

गैहरा (चंबा)। ग्राम पंचायत गैहरा और पियुहरा में विद्युत बोर्ड की ओर से बिजली के बिल मनमाने ढंग से वसूल किए जा रहे हैं। इस कारण उपभोक्ताओं को भारी भरकम बिल अदा करने में काफी दिक्कतें पेश आ रही है। जानकारी के मुताबिक इन पंचायतों में उपभोक्ताओं को एक हजार से लेकर 2200 तक के बिजली बिल थमाए गए हैं। इतना भारी भरकम बिल देख उपभोक्ताओं के होश उड़ गए हैं। उपभोक्ता धन्नो राम, काको राम, गाहडू राम, भिखो देवी और कृष्ण लाल ने बताया कि विद्युत कर्मियों की ओर से बिना मीटर रीडिंग देखे ही बिल काटे जा रहे हैं। बिल काटने वाले कर्मचारी एक जगह बैठकर बिल काट देते हैं। इस कारण उन्हें इस बार एक हजार से लेकर 2200 रुपए तक के बिल थमाए गए हैं। एकसाथ इतना ज्यादा बिल का भुगतान करना मुश्किल हो गया है। उपभोक्ताओं ने बताया कि किसी के घर में दो बल्ब है तो किसी के तीन, लेकिन उन्हें बिल एक हजार से ज्यादा थमाए जा रहे हैं। उन्होंने विद्युत बोर्ड से मांग की है कि मीटर रीडिंग देखकर बिजली बिल काटे जाएं। विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि इस संबंध में संबंधित एसडीओ को मामले की छानबीन के आदेश जारी करके उचित कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

Related posts