बिजली गिरने से महिला की मौत, घरों में दरारें

बालीचौकी/पधर/रिवालसर (मंडी)। जिले के विभिन्न स्थानों पर बारिश के बीच गिरी बिजली से एक महिला की मौत हो गई है, जबकि तीन मकानों को नुकसान पहुंचा है। तीन मवेशियों की भी मौत हे गई है। ग्राम पंचायत भनवास के भाटलूधार गांव में बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई। घटना के समय महिला अपने खेतों में घास काट रही थी। अचानक आसमान पर छाए बादलों से बिजली गिरी और महिला इसकी चपेट में आ गई। घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार देर शाम हुई। पदमा देवी (34) पत्नी बोध राम घटना के समय खेतों में घास काट रही थी। महिला से कुछ ही दूरी पर उसकी देवरानी तथा भतीजा भी घास काट रहे थे। अचानक बिजली गिरने से महिला इसकी चपेट में आ गई और बुरी तरह झुलस गई तथा उसकी तत्काल मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर गई बालीचौकी पुलिस ने महिला का पोस्टमार्टम करवा दिया है। घटना की पुष्टि करते हुए बालीचौकी पुलिस चौकी प्रभारी नरपत सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। पंचायतीराज संगठन के अतिरिक्त महासचिव श्याम शर्मा, सराज कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जगदीश रेड्डी, खेम चंद, प्रवीण शर्मा, हेमराज ठाकुर, उत्तम चंद आदि ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को शिवाबदार स्कूल से घर जा रही तीन छात्राएं भी बिजली की चपेट में आ गई थीं, जिनका क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में उपचार चल रहा है।
उधर, ग्राम पंचायत उरला के बदन गांव में मंगलवार शाम को बिजली गिरने से तीन रिहायशी मकानों को नुकसान पहुंचा है। तीनों मकानों के विद्युत मीटरों सहित सप्लाई वायरिंग जल गई। वहीं, घरों की वायरिंग के साथ मकानों और शौचालयों में दरारें पड़ गईं। घटना के समय घरों में परिवार के सदस्य मौजूद थे। आसमान पर छाए बादलों से बिजली का धमाका होने से बच्चे और परिवार के सदस्य सहम गए और मकानों से बाहर आ गए।
बदन गांव निवासी लछमण पालसरा पुत्र धर्म सिंह, चंद्रमणी पुत्र गंगा राम, एक्ससर्विस मैन खूब सिंह के मकानों को बिजली गिरने से नुकसान पहुंचा है। प्रभावित परिवार के सदस्यों ने नुकसान की सूचना प्रशासन और विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को दे दी है। हलका ग्रामीण राजस्व अधिकारी बलदेव ठाकुर ने प्रभावित गांव का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम पधर को भेज दी जाएगी। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता ओसी वर्मा ने बताया कि गांव की विद्युत आपूर्ति को तत्काल प्रभाव से बहाल करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
प्रोजेक्टों के खिलाफ तीन को होगी आवाज बुलंद
पधर (मंडी)। कोटली कून के तर विद्युत प्रोजेक्ट में इंटक तीन अक्तूबर को अपना झंडा गाढ़ेगी। इंटक महासचिव हितेंद्र ठाकुर ने बताया कि प्रोजेक्ट के निर्माण स्थल पर सुबह 11 बजे आईआईटी प्रोजेक्ट कमांद और कून का तर हाइड्रो प्रोजेक्ट में इंटक के प्रभारी प्रताप राणा की अगुवाई में स्थानीय प्रभावितों, पंचायत के लोगों को संगठन से जोड़कर उनके हक और समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की जाएगी। प्रताप राणा ने बताया कि जिन प्रभावितों की जमीन प्रोजेक्ट में गई है, उन्हें उचित मुआवजा दिलाने और कंपनी में रोजगार मुहैया करवाने को लेकर इंटक पहल करेगी। तीन की बैठक के बाद इंटक ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा और सांसद प्रतिभा सिंह को प्रोजेक्ट स्थल पर लाकर लोगों से रूबरू करवाएगी।

Related posts