बिजली के करंट से एक की मौत

नयनादेवी (बिलासपुर)। दबट पंचायत में बिजली का करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक पवन कुमार (42) दबट गांव का रहने वाला था। शनिवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पवन अपने पीछे पत्नी, दो बेटे व एक बेटी छोड़ गया है। उसके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार दबट गांव का रहने वाला पवन पुत्र रंगीराम दिल्ली में टैक्सी चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। दो दिन पहले ही वह दिल्ली से घर आया था। संयुक्त परिवार ने दुकानें बना रखी हैं। बताया जा रहा है कि दुकान के भीतर एक दीवार का निर्माण दोबारा किया गया है जो गीली थी। उसके साथ गुजर रही बिजली की तार के कारण दीवार से होता हुआ करंट शटर में भी पहुंच गया था। इससे अनभिज्ञ पवन ने सुबह शटर खोलने के लिए उसका हैंडल पकड़ा। उस समय वह नंगे पांव था और वहां जगह भी गीली थी। जोरदार करंट लगने से वह शटर के साथ उसी अवस्था में चिपका रह गया।
इस दौरान कुछ लोग भी वहां से गुजरे। उन्होंने सोचा कि पवन शटर उठा रहा है। इसी बीच उसके भाई को कुछ संदेह हुआ। उसने सूखी लकड़ी का प्रयोग किया। इससे पवन शटर से अलग तो हो गया, लेकिन तब तक जोरदार करंट से उसकी सांसों की डोर टूट चुकी थी। पता चलने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। दबट पंचायत प्रधान कैप्टन पविंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पवन एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था। उसके निधन से बीवी-बच्चों का सहारा छिन गया है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है।

Related posts