बिजली की लो वोल्टेज से बढ़ी दिक्कत

रोनहाट (सिरमौर)। विद्युत उपमंडल पनोग के तहत पंचायत कोटी बोंच के लगभग सात गांवों में बीते वीरवार से शुक्रवार दोपहर तक लो वोल्टेज से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कम वोल्टेज के कारण लोगों के रोजमर्रा के कार्य भी प्रभावित हुए। वीरवार देर शाम को कोटी, बालधार, बोंच, कटाड़ी, लाणी, जीहीर, गुमट तथा बगनोल में बिजली पूरी तरह से बाधित रही। यह समस्या ग्रामीणों को शुक्रवार दोपहर तक झेलनी पड़ी। वीरवार को लो वोल्टेज से ग्रामीणों के कई उपकरण नहीं चल सके। ग्रामीण बिशनाराम, भूप सिंह, नवयुवक मंडल कोटी के प्रधान अतर सिंगटा, श्याम सिंह तथा सुरेश ने बताया कि वीरवार तथा शुक्रवार दोपहर तक लो वोल्टेज के कारण उन्हें भारी समस्याओं का सामना करना पड़ा। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार दोपहर बाद पूरे क्षेत्र में विद्युत की पूरी सप्लाई बहाल कर दी गई थी।
उधर, विद्युत उपमंडल पनोग के तहत रोनहाट सेक्शन में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता शिशुपाल ने बताया कि बिजली लाइन में तकनीकी खामी के कारण यह समस्या पैदा हुई। कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है। क्षेत्र में विद्युत सप्लाई पूरी तरह से बहाल कर दी गई है।

Related posts